फिर राजनीती का केंद्र बनी रामनगरी! अयोध्या में AAP निकालेगी तिरंगा यात्रा, डिप्टी सीएम बोले – भगवान राम से प्रेरणा लेकर दिल्ली की सरकार चला रहे केजरीवाल

283

अयोध्या पहुंचे दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी को अयोध्या के संतों ने आशीर्वाद दे दिया है। रामलला से भी आशीर्वाद मिला है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में अरविंद केजरीवाल एक मात्र ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो भगवान राम से प्रेरणा लेकर सरकार चला रहे हैं।

पूरी दुनिया में रामराज्य की बात होती है लेकिन राम के नाम पर बात करने वाली भाजपा अंत में क्या करती है, यह सभी जानते हैं। दिल्ली सरकार भगवान राम से प्रेरणा लेकर रामराज के सिद्धांतों पर सरकार चला रही है और राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के लिये हमने रामलला के सामने अर्जी पेश की है। तिरंगा यात्रा लेकर राम नगरी में लोगों के बीच जाएंगे। ये यात्रा आगरा से शुरू हुई थी। नोएडा में हुई और आज अयोध्या में है।

उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार बने जो अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर काम करे। उत्तर प्रदेश की जनता ने साढ़े 4 साल पहले योगी सरकार बनाई थी। भाजपा ने वादा किया था कि भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलवाएंगे। गुंडाराज से मुक्ति दिलवाएंगे।, नौजवानों को नौकरी देंगे। किसानों की आय दोगुना कर देंगे लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। यूपी की जनता सभी क्षेत्रों में ठगा हुआ महसूस कर रही है।

योगी सरकार ने गुंडाराज को बढ़ावा दिया। खुशी दुबे अपने परिवार के साथ जेल में है। हाथरस में एक बच्ची से दरिंदगी हुई। दरिंदगी करने वालों के साथ सरकार खड़ी हुई। भाजपा गुंडों के साथ खड़ी रही। बलात्कार करने वालों के साथ खड़ी रही। मीडिया वालों की आंख में धूल झोंक कर रात को चोरी छिपे अंतिम संस्कार करवा दिया गया।
राम मंदिर में चंदाचोरी का लगाया आरोप
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कोरोना के दौरान बंद स्कूलों में कस्तूरबा गांधी विद्यालय के नाम पर 9 करोड़ रुपये ठगी की गई। सरकार ने 8 लाख का वेंटीलेटर 22 लाख में लिया। लोगों ने राम मंदिर के नाम पर चंदा दिया पर ये सरकार और भाजपा उस चंदे को खा गई। ये न आम के ना राम के हैं।

उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए यूपी में सिर मुंडवा कर महिलाओं को पहली बार उत्तर प्रदेश में देखा गया। किसान फसल का दाम मांग रहे हैं तो सरकार उनको गुंडा और मवाली कह रही है। यह महिलाओं की सुरक्षा की बात करते हैं।

उन्होंने कहा कि हम जब भी उत्तर प्रदेश के स्कूल देखने गए तो हमें स्कूल नहीं देखने दिया गया। देश में सबसे महंगी बिजली उत्तर प्रदेश में मिल रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में राष्ट्रवाद भी है हिंदुत्व भी है। आज तिरंगा यात्रा लेकर निकले हैं। सिसोदिया ने कहा कि यूपी में कोई गठबंधन नहीं किया जाएगा। बता दें कि अयोध्या एक बार फिर राजनीति का केंद्र बन गई है। आज आम आदमी पार्टी नगर में तिरंगा यात्रा निकालेगी। इसके पहले सोमवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रामलला और हनुमान गढ़ी के दर्शन किए।

आप के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने बताया कि जानकीघाट में डिप्टी सीएम ने महंत रामप्रकाश दास, महंत विवेक आचारी, महंत पवन दास शास्त्री, महंत दिलीप दास, नागा रामलखन दास, महंत सीताराम दास, महंत रामटहल शरण वेदांती, महंत उमेश दास, आचार्य नारायण मिश्र सहित अन्य संत-धर्माचार्यों से भी आशीर्वाद लिया।