सुशांत सिंह राजपूत की बहन प्रियंका के खिलाफ रिया ने दर्ज करवाई FIR, परिवार के वकील ने कहा हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे

327

एक्टर सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) केस में एक बार फिर से नया मोड़ आया है। इस केस में देश की तीन एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं। पिछले कुछ दिनों से रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) से लगातार पूछताछ हो रही है। वहीं अब रिया ने सोमवार रात सुशांत (Sushant) की बहन प्रियंका (priyanka singh) के खिलाफ एफ़आईआर दर्ज कराई है। “रिया चक्रवर्ती की शिकायत पर सुशांत सिंह राजपूत की बहन प्रियंका सिंह, दिल्ली स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल के डॉक्टर तरुण कुमार और अन्य के खिलाफ आईपीसी और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।

अपनी शिकायत में रिया ने लिखा 8 जून को सुशांत ने उन्हें अपनी बहन के साथ मोबाइल पर मैसेजेज़ के जरिए हुई बातचीत को दिखाया था और उसमें उनकी बहन ने उन्हें कुछ दवाएं लेने के लिए कहा था। रिया के मुताबिक उन्होंने सुशांत को समझाने की कोशिश की थी कि उन्हें सिर्फ़ वही दवाएं लेनी चाहिए जो उनके डॉक्टरों ने उन्हें बताया था और उन्हें अपनी बहन के जरिए बताई गई दवाएं तो बिल्कुल भी नहीं लेनी चाहिए क्योंकि उनके (सुशांत की बहन) पास कोई मेडिकल डिग्री नहीं है।

रिया ने अपनी शिकायत में लिखा कि सुशांत सिंह की बहन ने डॉक्टर तरुण कुमार से फर्ज़ी प्रिस्क्रिप्शन बनवाया था। रिया के अनुसार इस बात को लेकर उनके और सुशांत में मतभेद हो गए थे और फिर सुशांत ने उन्हें घर से चले जाने के लिए कहा था क्योंकि उनकी एक दूसरी बहन मीतू सिंह वहां आकर रहने वाली थीं।

रिया चक्रवर्ती द्वारा मुंबई पुलिस और बांद्रा पुलिस को दी गई शिकायत पर वकील विकास सिंह ने अपने बयान में कहा कि इस शिकायत से ये साफ है कि मुंबई पुलिस को किसी भी तरह से इस मामले से जोड़े रखने की कोशिश की जा रही है ताकि वह केस को अपनी तरह से हैंडल करें और यह सुनिश्चित कर सकें कि सुशांत के परिवार को न्याय न मिले। उन्होंने कहा कि अगर मुंबई पुलिस शिकायत दर्ज करती है तो हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे, क्योंकि यह अवमानना का मामला है। मुंबई पुलिस को शिकायत लेने का कोई हक नहीं है।

इस बारे में विकास सिंह ने कहना है कि इतने दिनों बाद मुंबई पुलिस को प्रियंका सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज करना गलत है। ये मामले को अलग मोड़ देने की कोशिश की जा रही है। बांद्रा पुलिस को FIR दर्ज करने का हक नहीं है।