सुशांत सिंह मामले में कांग्रेस का बीजेपी पर आरोप कहा, बिहार चुनाव को लेकर इसे पॉलिटिकल ट्रंप कार्ड के रूप में इस्तेमाल कर रही

702

पश्चिम बंगाल के कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने सुशांत सिंह मामले में रिया चक्रवर्ती का बचाव करते हुए भाजपा सरकार को आज कटघरे में खड़ा किया। कांग्रेस नेता ने चौधरी ने कहा कि भाजपा आगामी बिहार चुनाव के लिए सुशांत सिंह राजपूत की मौत को एक पॉलिटिकल ट्रंप कार्ड के रूप में इस्तेमाल कर रह है। रिया चक्रवर्ती को विभिन्न आरोपों के जरिए सताया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा यह दर्शाने की कोशिश कर रही है कि केवल भाजपा ही बिहार के लोगों को न्याय दिला सकती है।

वहीं, पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच चल रहे तनाव को लेकर उन्होंने कहा कि हमें भारतीय सेवे पर गर्व है, लेकिन हमें गलवन की घटना पर चिंता व्यक्त करने का भी अधिकार है। इसके साथ ही सवाल पूछते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने राष्ट्र को आश्वस्त क्यों किया कि कोई घुसपैठ नहीं हुई और चीनी सैनिकों ने कुछ भी कब्जा नहीं किया। पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयानों में इतना विरोधाभास क्यों था।

पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष बनाए गए अधीर रंजन चौधरी

बता दें कि कांग्रेस ने अधीर रंजन चौधरी को तत्काल प्रभाव से बंगाल प्रदेश कांग्रेस समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। 30 जुलाई को सोमेन मित्रा के निधन होने के बाद एक महीने से भी अधिक समय से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद रिक्त था। पद के लिए ऐसे नेता की तलाश थी जो 2021 विधानसभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व कर सके। बंगाल के बरहमपुर से कांग्रेस के सांसद अधीर रंजन चौधरी फिलहाल लोकसभा में पार्टी के नेता हैं।

मालूम हो कि कुछ दिन पहले ही बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब्दुल मन्नान ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से बंगाल प्रदेश कांग्रेस समिति का अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी को बनाने का अनुरोध किया था।

गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की रेस में जो दावेदार माने जा रहे थे उसमें लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी के साथ पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप भट्टाचार्य, अब्दुल मन्नान, नेपाल भट्टाचार्य व पूर्व केंद्रीय मंत्री दीपा दासमुंशी के नाम शामिल थे। हालांकि कांग्रेस आलाकमान ने अंततः अधीर रंजन चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंप दी।