भारतीय वायुसेना में कल शामिल होंगे फ्रांस में निर्मित पांच लड़ाकू जेट राफेल, फ्रांस के रक्षा मंत्री भी कार्यक्रम में शामिल होंगे

417

फ्रांस में निर्मित पांच राफेल लड़ाकू जेट विमानों को भारतीय वायुसेना में शामिल करने की औपचारिकताएं गुरुवार को पूरी की जाएंगी। इसके लिए अंबाला एयरबेस पर आयोजित औपचारिक समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ फ्रांसीसी रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ले और भारत के शीर्ष सैन्य अधिकारी भी शामिल होंगे।

सैन्य अधिकारियों ने बताया कि समारोह में भाग लेने के लिए फ्रांस की महिला रक्षा मंत्री बृहस्पतिवार सुबह ही भारत पहुंचेंगी और दोपहर बाद वापस अपने देश लौट जाएंगी। अधिकारियों ने बताया कि इस समारोह के बाद सिंह और पार्ल अंबाला में ही द्विपक्षीय वार्ता में हिस्सेदारी करेंगे, जिसका मकसद दोनों देशों के बीच रक्षा व सुरक्षा सहयोग को और ज्यादा मजबूत करना है। इस समारोह के साथ ही वायुसेना में पिछले 23 साल के दौरान पहली बार नए विमान शामिल होंगे। आखिरी बार 1997 में रूस से सुखोई जेट विमानों की खरीद की गई थी।

पांच राफेल जेट विमानों का पहला बैच इसी साल 29 जुलाई को भारत पहुंच गया था। पहले बैच का आगमन 2016 में भारत की तरफ से 59 हजार करोड़ रुपये में 36 विमानों की खरीद का अंतर सरकारी समझौता फ्रांस की सरकार के साथ करने के करीबी चार साल बाद हुआ है। इन 36 विमानों में से 30 लड़ाकू क्षमता वाले हैं, जबकि 6 दोहरी सीट वाले ट्रेनिंग विमान हैं। हालांकि आवश्यकता पड़ने पर इन ट्रेनिंग विमानों को भी युद्ध के मैदान में उतारने के लिए हर क्षमता से लैस किया गया है।