काजल अग्रवाल ने मंगेतर संग पहली बार शेयर कीं तस्वीरें, तीन दिन बाद बनेंगी गौतम किचलू की दुल्हनिया

795

सिनेमा जगत से इन दिनों कई खुशखबरियां आ रही हैं। कई फिल्मी सितारे कोरोना काल में शादी के बंधन में बंधे हैं तो किसी के घर किलकारियां गूंजी हैं या गूंजने वाली हैं। ऐसी ही एक भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री हैं जो जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। यह अभिनेत्री हैं दक्षिण भारतीय फिल्मों का जाना पहचाना नाम काजल अग्रवाल। शादी की खबर देने के बाद अब काजल ने अपने मंगेतर गौतम किचलू के साथ एक तस्वीर साझा की है।

30 अक्तूबर को काजल शादी के बंधन में बंध जाएंगी और इस बात की जानकारी खुद अभिनेत्री ने छह अक्तूबर को एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से अपने फैंस को दी थी। इसके बाद से ही सभी के मन में गौतम किचलू को देखने और उनके बारे में जानकारी हासिल करने की होड़ मच गई थी। अब काजल ने खुद ही फैंस को अपने होने वाले पति का दीदार करवा दिया है।

काजल ने दशहरे के मौके पर गौतम के साथ अपनी तस्वीर साझा की है। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए दशहरे के शुभ अवसर पर गौतम के साथ अपनी कुछ बेहद खूबसूरत तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में काजल और गौतम की जोड़ी कमाल की लग रही है। इसके साथ कैप्शन में काजल ने लिखा, ‘हमारी तरफ से आप सभी को दशहरे की शुभकामनाएं।’ साथ ही इसके साथ उन्होंने गौतम को भी टैग किया है।