कोरोना की मार: जापान की राजधानी टोक्यो समेत प्रमुख शहरों में बढ़ा लॉकडाउन, अब ओलंपिक भी हो सकता है रद्द

223

जापान सरकार ने बुधवार को राजधानी टोक्यो और अन्य प्रमुख शहरों में कोरोना का कहर बढ़ने के बाद लॉकडाउन को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। इसके साथ ही अब देश के कई बड़े शहरों ओक्यो, ओसाका, क्योटा और ह्योगो में भी लॉकडाउन को 11 मई तक बढ़ा दिया है। जापान ने इन शहरों में 25 अप्रैल से लॉकडाउन लगाया था। एक दिन पहले ही कोरोना वायरस महामारी की वजह से स्थगित हुए आईपीएल 2021 के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि अब कोरोना का असर जापान में होने वाले टोक्यो ओलंपिक खेलों पर फिर से पड़ेगा।

रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना संक्रमण पर पूरी तरह ब्रेक लगाने के लिए अधिकारी इस लॉकडाउन को आगे बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं। इस बात पर फैसला इसी सप्ताह शुक्रवार को आ सकता है। इस बात की सूचना ‘रॉयटर्स’ ने दी है। बता दें कि टोक्यो ओलंपिक का आयोजन इस साल 23 जुलाई, 2021 से होना है। यह दूसरी मर्तबा है जब जापान के टोक्यो शहर में ओलंपिक खेलों का आयोजन हो रहा है।

टोक्यो में इससे पहले 1964 में हुए ओलंपिक खेलों के जरिए जापान ने द्वितीय विश्व युद्ध में हार से तेजी से उबरने का जश्न मनाया था, लेकिन इस बार खेलों के आयोजन को लेकर कई अलग नियम और पाबंदियां होंगी। बेशक खिलाड़ियों का लक्ष्य मेडल जीतना होगा लेकिन कुछ और लोग सिर्फ इतना चाहेंगे कि बिना किसी समस्या के खेलों का आयोजन हो, इन खेलों के जरिए कोविड-19 संक्रमण न फैले और राष्ट्रीय गौरव बना रहे।