टोक्यो में चलती ट्रेन में घुसे हमलावर, 10 लोगों को चाकू मारकर किया घायल, दो की हालत नाजुक

210

जापान की राजधानी टोक्यो में चल रहे ओलंपिक खेलों में इस वक्त दुनिया भर से आए सभी खिलाड़ी मेडल जीतने के लिए जी-जान लगा रहे हैं। इस बीच टोक्यो में एक ट्रेन में हमलावर ने कई लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 9 लोग घायल हुए हैं, इनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक यह हमला एक कम्यूटर ट्रेन में शुक्रवार को हुआ। इस जानलेवा हमले के बाद आरोपी युवक फरार हो गया था लेकिन बाद में फायर डिपार्टमेंट और पुलिस ने मिलकर इस युवक को गिरफ्तार कर लिया।

टोक्यो फायर डिपार्टमेंट ने कहा है कि इस हमले में 10 लोग घायल हुए हैं इनमें से 9 लोगों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि एक अन्य युवक इस हमले के बाद खुद से चलकर घर जाने में समर्थ था। बताया गया है कि हमले में घायल सभी 10 लोग होश में हैं। स्थानीय टीवी चैनलों में इस हमले से जुड़े जो वीडियो दिखाए गए हैं उसमें नजर आ रहा है कि पुलिस की गाड़ियां और कई पुलिसकर्मी घटना के बाद वहां मौजूद थे।

यह हमला सिजोगाकुएन स्टेशन के पास हुआ। यह ट्रेन लाइन ज्यादातर जमीन के ऊपर बिछी है, हालांकि जहां यह हमला हुआ है वहां ट्रेन अंडरग्राउड रेलवे रूट पर मौजूद थी। पुलिस ने अभी इस हमले के बारे में औऱ पकड़े गए हमलावर के बारे में अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया है। पुलिस द्वारा इस हमले की जांच-पड़ताल की जा रही है। 

बता दें कि जापान की राजधानी टोक्यो में इस बार ओलंपिक 2020 खेल का आय़ोजन जारी है। ओलंपिक का आयोजन हर 4 साल पर होता है लेकिन कोरोना वायरस महामारी की वजह से साल 2020 में इसका आयोजन नहीं हो सका था। इसके बाद इस साल ओलंपिक का आयोजन किया गया है।

टोक्यो ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू हुआ था और यह आयोजन 8 अगस्त 2021 तक चलेगा। टोक्यो ओलंपिक में इस बार 33 खेलों में 339 मेडल के लिए मुकाबले हो रहे हैं। जापान की धरती पर पहले भी तीन बार साल 1964, 1972 और 1988 में ओलंपिक का आयोजन हो चुका है।