बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने साल 2020 में लगे कोरोना लॉकडाउन के वक्त गरीबों और जरूरतमंदों की मदद की थी और आज भी उनकी मदद करने का सिलसिला जारी है। कोरोना की दूसरी लहर के कारण एक बार फिर लोग सोनू सूद से गुहार लगा रहे हैं। वहीं इस साल सोनू सिर्फ गरीब प्रवासी मजदूरों ही नहीं बल्कि सेलेब्स की भी मदद कर रहे हैं। हाल ही में भारत के मशहूर क्रिकेटर सुरेश रैना ने मेरठ में रहने वाली अपनी मौसी के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर की गुहार ट्विटर पर लगाई थी। वहीं सोनू सूद ने बिना देरी किए उन्हें सिलेंडर पहुंचा दिया। अब सुरेश रैना ने सोनू सूद का आभार जताया है।
सुरेश रैना के ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग करने पर सोनू सूद ने ट्वीट कर कहा था कि वो 10 मिनट के अंदर उनकी मदद करेंगे। इसके बाद उन्होंने फौरन सुरैश रैना की मौसी के पास ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाया। सोनू सूद से मिली इतनी बड़ी मदद के बाद सुरेश रैना ने ट्वीट कर उनको धन्यवाद कहा।
सुरेश रैना ने ट्वीट किया, ‘सोनू पाजी आपने बहुत बड़ी मदद कर दी। आपको बहुत बहुत धन्यवाद। भगवान आप पर कृपा बनाए रखे’। बता दें कि सुरैश रैना ने ट्वीट कर अपनी मौसी के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग की थी जिसमें उन्होंने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी टैग किया था।