शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल हुए पीएम मोदी, कहा-‘भारत शिंजो आबे को कर रहा याद’

196
shinzo abe state funeral
shinzo abe state funeral

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यों में जापानी पीएम फुमियो किशिदा से भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-जापान रिश्ते को लेकर बातचीत हुई। फुमियो किशिदा के साथ द्विपक्षीय मीटिंग के दौरान पीएम मोदी ने कहा, मुझे विश्वास है कि आपकी अगुवाई में भारत-जापान रिश्ते गहरे होंगे और नई ऊंचाइयों को छुएंगे और हम विश्व की समस्याओं को हल करने में एक उपयुक्त भूमिका निभा पाएंगे।

इसी बीच पीएम मोदी ने पूर्व जापानी पीएम शिंजो आबे का भी स्मरण किया। उन्होंने कहा, शोक की इस घड़ी में आज हम मिल रहे हैं। पिछली बार जब मैं आया था तो मेरी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ लंबी चर्चा हुई थी। भारत शिंजो आबे को याद कर रहा है।

पीएम मोदी जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। इस दौरान वे काफी भावुक नजर आए। पीएम मोदी के अलावा अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भी आबे के अंतिम संस्कार में पहुंची हैं। इसके अलावा 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्षों समेत 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि जापान पहुंचे हैं। बता दें जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की जुलाई में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।