Modi Cabinet Expansion 2021: मोदी कैबिनेट के विस्तार की गहमागहमी के बीच आज पीएम की अहम बैठक रद, सोनोवाल और राणे को दिल्ली बुलाया गया

374
Pm Modi Meeting on Covid19

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मंत्रिमंडल की इसी हफ्ते विस्तार कर सकते हैं। भाजपा के शीर्ष स्तर पर इसकी कवायद जारी है। कैबिनेट विस्तार में लगभग डेढ़ दर्जन नए मंत्रियों को शामिल किए जाने की संभावना है। पहले से ही अतिरिक्त प्रभार और इससे ज्यादा मंत्रालय संभाल रहे कई मंत्रियों का बोझ भी कम किया जा सकता है। मंत्रिमंडल विस्तार में आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। हालांकि, इस बीच आज शाम यानी मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी के आवास पर शीर्ष मंत्रियों के साथ होने बैठक रद्द हो गई है। 

बता दें कि इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह, निर्मला सीतारमण के साथ ही अन्य शीर्ष मंत्री शामिल होने वाले थे। अब यह बैठक किस दिन होगी, इसको लेकर फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है। 

मंत्रिमंडल विस्तार पर राजनाथ सिंह का बयान
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जब रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया। मीडिया के सवालों के जवाब में उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा, ‘मैं इस पर कोई कमेंट नहीं कर सकता हूं।’

सांसदों को दिल्ली बुलाया
मोदी के मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं के बीच असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया और नारायण राणे समेत कई नेताओं को आज ही दिल्ली बुलाया गया है। ज्यादातर सांसद और नेता तीन आज दोपहर दिल्ली पहुंच रहे हैं। 

महाकाल के दर्शन करने पहुंचे सिंधिया
मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए कुछ नेताओं को फोन किए गए हैं। ये फोन उन नेताओं को किए जा रहे हैं, जिनका नाम सूची में शामिल किए जार रहे हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी दिल्ली बुलाने की खबरें आ रही हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले सिंधिया उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने पहुंचे और पूजा अर्चना की।

दिल्ली के लिए रवाना हुए सोनोवाल 
असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल को भी दिल्ली बुलाया गया है। सोनोवाल गुवाहाटी से दिल्ली के लिए रवाना हो गया है। 

इन नामों पर चर्चा
सूत्रों की मानें तो जिन लोगों को मंत्रिपरिषद के भावी फेरबदल और विस्तार में शामिल किया जा सकता है, उनमें असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, बैजयंत पांडा, राकेश सिंह, नारायण राणे, हिना गावित, संध्या राय, सुनीता दुग्गल, जदयू नेता आरसीपी सिंह, ललन सिंह व संतोष कुमार आदि के नाम मुख्य रूप से चर्चा में हैं।

सहयोगी दलों को दिया जाएगा मौका
मोदी सरकार में अभी भाजपा के सहयोगी दलों से एक भी कैबिनेट मंत्री नहीं है। वहीं, रिपब्लिकन पार्टी के रामदास आठवले अकेले राज्य मंत्री हैं। ऐसे में कुछ और सहयोगी दलों को भी विस्तार में जगह दी जा सकती है। सूत्रों के अनुसार, इस महीने के आखिर या अगले महीने की शुरुआत में मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला विस्तार संभव है। इसमें जदयू, अन्नाद्रमुक, अपना दल और लोजपा के नए धड़े को भी मंत्री पद मिल सकता है।

बता दें कि जब मोदी सरकार बनी थी, तो कुल 57 मंत्री बनाए गए थे। इनमें 24 कैबिनेट, नौ स्वतंत्र प्रभार और 24 राज्यमंत्री शामिल थे। हालांकि, इनमें से कई मंत्रियों के पास एक से अधिक मंत्रालय हैं। शिवसेना एवं अकाली दल के अलग होने और रामविलास पासवान के निधन के बाद कैबिनेट मंत्रियों की संख्या 21 रह गई है। एक राज्यमंत्री का भी निधन हुआ। इस प्रकार अभी कुल 53 मंत्री ही हैं, जबकि संविधान के अनुसार, मंत्रियों की संख्या 79 तक हो सकती है। बीते एक साल से करोना के चलते मंत्रिमंडल विस्तार की स्थितियां नहीं बन पाई थीं, लेकिन अब मंत्रिमंडल के विस्तार की तैयारी है।