मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भाजपा पर निशाना कहा , ‘बांग्ला नहीं बोल सकते पर बंगाल में वोट की भीख मांगने चले आते हैं’

248
West Bengal

बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस व भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री व तृणमूल काग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को एक बार फिर भाजपा पर जबर्दस्त हमला किया। ममता ने कहा कि बांग्ला नहीं बोल सकते, लेकिन बंगाल में वोट की भीख मांगने चले आते हैं। पुरुलिया जिले में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए ममता ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी कटाक्ष किया।

ममता ने कहा कि फाइव स्टार होटल से खाना मंगवाकर गरीबों के घर बैठकर उसे खाते हैं। इसके बाद निकल जाते हैं। दरअसल, शाह व नड्डा ने पिछले बंगाल दौरे में आदिवासी, बाउल गायक, किसान व मतुआ समुदाय के घर खान खाया था, इसी को लेकर ममता ने निशाना साधा। ममता ने इस दौरान एक बार फिर भाजपा और उसके नेताओं पर बाहरी होने का तमगा लगाने की भी कोशिश की।

आखिर इस बार फुरफुरा शरीफ दरगाह का दुआ किसे मिलती है।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोग सिर्फ चुनाव के समय आते हैं। ममता ने कहा कि वे लोग बिरसा मुंडा का अपमान करके चले गए। कान्हो मुर्मू की प्रतिमा तोड़ दी थी। ये लोग कभी विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ते हैं, तो कभी रवींद्रनाथ की। चुनाव आते ही इन्हेंं बांग्ला की याद आती है। ये लोग बांग्ला बोल नहीं सकते हैं, लेकिन वोट की भीख मांगने चले आते हैं। वहीं, तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं को भी उन्होंने आड़े हाथों लिया। कहा कि जो लोग तृणमूल छोड़कर भाजपा में जाना चाहते हैं, चले जाएं। हम भगवा दल के सामने नहीं झुकेंगे।

भाजपा को फिर बताया नक्सलियों से ज्यादा खतरनाक

सभा के दौरान ममता ने एक बार फिर भाजपा को नक्सलियों से ज्यादा खतरनाक बताया। उन्होंने लोगों से ऐसे दल को वोट नहीं देने की अपील की। बता दें कि मंगलवार को भी ममता ने पुरुलिया में भाजपा को नक्सलियों से खतरनाक बताया था।