किसानों के आंदोलन का आज 17वां दिन है। किसानों ने सरकार के प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए अपने आंदोलन को तेज करने की बात कही है। इसी के तहत आज किसानोंं ने देशभर में टोल प्लाजा फ्री करने का आह्वान किया है। इसके तहत कई टोल प्लाजा तो फ्री हो गए हैं, वहीं कई जगह पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा।
बारिश के बाद भी किसानों का जोश कम नहीं हुआ है। बीते 16 दिनों की तरह ही आज भी किसान अपनी दिनचर्या में लगे हुए हैं और किसी भी हालत में आंदोलन खत्म करने को तैयार नहीं है।
शंभु टोल प्लाजा जिसे बीती रात से ही किसानों ने फ्री कर दिया है उसके इंचार्ज रवि तिवारी का कहना है कि यह टोल प्लाजा कल रात 12 बजे से ही फ्री है। कुछ किसान आए थे और अपने आंदोलन के चलते ये टोल फ्री कर दिया। हमें अब तक कोई आदेश नहीं मिला है कि कब तक टोल प्लाजा बंद रखना है लेकिन किसानों का कहना है कि आज रात 12 बजे तक बंद रहेगा।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र से किसानों ने आज दिल्ली की ओर कूच किया है। वह प्रदर्शनकारी किसानों से साथ आंदोलन में शामिल होने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली से निकले हैं।