हॉकी में भारत को कांस्य: ख़ुशी से झूम उठा देश, पीएम मोदी ने कहा- प्रफुल्लित भारत, सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा #HistoryCreated

    392

    टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। आपको बता दें कि 41 साल बाद ओलंपिक में हॉकी में भारत को पदक मिला है। इससे पहले आखिरी बार हॉकी में टीम इंडिया ने 1980 में ओलंपिक मेडल जीता था। चौथा क्वार्टर शुरू होने के साथ ही जर्मनी ने आक्रामक खेल दिखाया और गोल करने की हर संभव कोशिश की। मैच के 48वें मिनट में जर्मनी को पैनल्टी कॉर्नर के रूप में मौका मिला और विंडफेडर ने उसे गोल में तब्दील कर दिया। इसी के साथ स्कोर 5-4 हो गया। 

    इसके बाद भारत ने शानदार डिफेंस दिखाया और जर्मनी को गोल नहीं करने दिया। मैच आखिरी पलों में रोमांचक मोड़ तब आया, जब जर्मनी को एक और पैनल्टी कॉर्नर दिया गया। हालांकि, भारतीय गोलकीपर श्रीजेश ने उसे बचाकर भारत की जीत सुनिश्चित की। भारतीय हॉकी टीम की इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एतिहासिक बताया है। पीएम मोदी ने लगातार दो ट्वीट किए हैं। एक ट्वीट में उन्होंने हिंदी में और दूसरा अंग्रेजी में किया है।

    पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘एतिहासिक! एक ऐसा दिन जो हर भारतीय की जेहन में रहेगा। कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। इस उपलब्धि के साथ टीम पूरे देश, खासकर हमारे युवाओं उम्मीदों पर खरी उतरी है। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।’

    एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा, प्रफुल्लित भारत! प्रेरित भारत! गर्वित भारत! टोक्यो में हॉकी टीम की शानदार जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। ये नया भारत है, आत्मविश्वास से भरा भारत है। हॉकी टीम को फिर से ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।’

    हॉकी टीम की इस एतिहासिक जीत के बाद ट्विटर पर History Created ट्रेंड करने लगा है। लाखों ट्विटर यूजर्स भारतीय हॉकी टीम को History Created कीवर्ड के साथ बधाई दे रहे हैं।