फिलीपींस विमान दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 50 हुई, 47 सैनिकों ने गंवाई जान

347

फिलीपींस में सैन्य विमान दुर्घटना में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 50 हो गयी है और 49 अन्य घायल हैं। एबीएस सीबीएन ने फिलीपींस के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता के हवाले से अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। मेजर जनरल एडगार्ड अरेवलो ने सोमवार को बताया कि अधिकारियों ने शेष पांच लापता सैनिकों के शव बरामद किये हैं जिसके बाद विमान हादसा के मृतकों की संख्या बढ़कर 50 हो गई है। मृतकों में 47 जवान और तीन नागरिक शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि विामन हादसे में 49 जवान और चार नागरिक घायल भी हुये हैं। इससे पहले जानकारी मिली थी कि दुर्घटना में 45 जवानों की मौत हो गई है और 42 अन्य जीवित बच गये हैं। फिलीपींस सेना के सी-130 हरक्यूलिस विमान में 80 से अधिक लोग सवार थे। रविवार को हवाई पट्टी पर उतरने के दौरान यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

फिलीपीन के रक्षा मंत्री डेल्फिन लोरेंजाना ने बताया कि विमान में तीन चालकों और चालक दल के पांच सदस्यों समेत 92 लोग सवार थे। विमान में सवार शेष लोग सैन्य कर्मी थे। विमान दक्षिणी शहर कागायन डी ओरो से सैन्य बलों को ले जा रहा था। सरकारी बल सुलु के मुस्लिम बहुल प्रांत में अबु सय्याफ आतंकवादियों के खिलाफ दशकों से लड़ रहे हैं। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया है।