रेप के आरोप पर पर्ल वी पुरी ने बयां किया दर्द, कहा- ‘मुझे रातों-रात अपराधी बना दिया’

381

नागिन फेम अभिनेता पर्ल वी पुरी को नाबालिग लड़की से रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। 15 जून को उन्हें वसई सेशन कोर्ट से जमानत मिली। पर्ल की गिरफ्तारी के बाद टीवी इंडस्ट्री के सितारे उनके समर्थन में उतरे थे। अब पर्ल ने इस पूरे मामले में अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर अपना दर्द बयां किया है।

बुरे सपने की तरह
पर्ल ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा कि ‘लोगों को परखने के लिए जिंदगी का अपना ही रास्ता होता है। कुछ महीने पहले मैंने अपनी नानी मां को खो दिया। उनके गुजरने के 17 दिन बाद मेरे पिता इस दुनिया में नहीं रहे। फिर पता चला कि मेरी मां को कैंसर है और फिर ये भयानक आरोप। बीते कुछ हफ्ते मेरी जिंदगी किसी बुरे सपने की तरह थी। रातों-रात मुझे अपराधी जैसा महसूस करवाया गया।‘

समर्थन के लिए शुक्रिया
‘यह सब तब हुआ जब मेरी मां का कैंसर का इलाज चल रहा था। इसने मेरी सुरक्षा की भावना को हिलाकर रख दिया। मैं असहाय महसूस कर रहा था। अब भी मुझे बिल्कुल शून्य सा लग रहा है… लेकिन मुझे लगा कि यही वक्त है अपने दोस्तों, प्रशंसकों और चाहने वालों तक पहुंचने का, जिन्होंने इतना समर्थन दिया, प्यार जताया और फिक्र की। मुझपर भरोसा रखने के लिए शुक्रिया। सत्यमेव जयते पर अभी भी मेरा यकीन है। मुझे अपने देश के कानून और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। भगवान है यहां। कृपया दुआ कीजिए।‘

क्या है मामला
पर्ल वी पुरी पर नाबालिग लड़की से रेप का आरोप है। बीते चार जून को पर्ल सहित छह लोगों के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता की मां का कहना है कि पीड़िता के पिता पर्ल को फंसा रहे हैं। वहीं पुलिस ने कहा कि उनके पास पर्ल के खिलाफ सबूत हैं।