देश में चल रहे ‘टीका उत्सव’ के चौथे दिन 31.39 लाख टीकाकरण, अब तक लगाई गई 11.43 करोड़ से ज्यादा डोज

364
corona cases update today

ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों को कोरोना रोधी वैक्सीन लगाने के लिए शुरू किया गया चार दिवसीय विशेष टीकाकरण अभियान ‘टीका उत्सव’ खत्म हो गया है। चौथे और आखिरी दिन बुधवार को रात आठ बजे तक 31.39 लाख से टीके लगाए गए। इनको मिलाकर अब तक वैक्सीन की कुल 11.43 करोड़ डोज दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र के साथ ही राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अब तक एक करोड़ से ज्यादा टीके लगाए गए हैं। महाराष्ट्र में एक करोड़ 11 लाख 19 हजार 108, राजस्थान में एक करोड़ दो लाख 15 हजार 471 और उत्तर प्रदेश में एक करोड़ 17 हजार 650 डोज दी गई हैं।

मंत्रालय ने कहा कि बुधवार रात आठ बजे तक मिली अस्थायी रिपोर्ट के मुताबिक देश भर में अब तक लाभार्थियों को कोरोना रोधी वैक्सीन की कुल 11 करोड़ 43 लाख 18 हजार 455 डोज दी जा चुकी हैं। टीका उत्सव के पहले दिन 30 लाख, दूसरे दिन 37 लाख और तीसरे दिन 26 लाख से ज्यादा लोगों को टीके लगाए गए थे।

टीकाकरण अभियान के 89वें दिन बुधवार को वैक्सीन की 31,39,063 डोज दी गईं। इनमें से 27,19,964 लाभार्थियों को पहली और 4,19,099 लाभार्थियों को टीके की दूसरी डोज लगाई गईं। मंत्रालय ने कहा कि अंतिम रिपोर्ट देर रात तक आएगी, जिसमें आंकड़ों में बदलाव संभव है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि टीका लगवाने वाले लाभार्थियों में सबसे ज्यादा 45 साल से ज्यादा उम्र के 8.07 करोड़ से अधिक लोग शामिल हैं। इनमें से करीब 36.31 लाख लोगों को दूसरी डोज भी दी जा चुकी है। इनके अलावा अब तक 90.63 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को पहली और 56.03 लाख को दूसरी डोज दी जा चुकी है। 1.02 करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स को पहली और 52.61 लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन की दूसरी डोज भी दी जा चुकी है।