केंद्रीय भारी उद्योग राज्‍य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कोरोना संक्रमित

236

देश -दुनिया में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। भारत भी इससे अछूता नहीं है। यहां भी कोरोना का संक्रमण काफी तेजी से बढ़ रहा है। कोरोना से एक और केंद्रीय मंत्री संक्रमित हो गए हैं। इस बार कोरोना ने केंद्रीय भारी उद्योग राज्‍य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को अपनी संक्रमण की चपेट में लिया है। उन्हें एम्‍स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है।

कोरोना होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इलाज के लिए गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। शाह को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में बने अलग रूम में भर्ती किया गया था। अमित शाह को कोरोना की खबर आने के बाद कई मंत्रियों ने अपने आप को आइसोलेट कर लिया था। इसमें केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और बिहार से से सांसद रविशंकर प्रसाद थे। हालांकि रविशंकर प्रसाद की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी है।

बता दें कि सबसे पहले भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा को कोरोना हुआ था। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद हाल ही में कांग्रेस का दामन छोड़ कर भाजपा का कमल हाथ में थामने वाले मध्यप्रदेश के कद्दावर नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को कोरोना हुआ था। उनकी रिपोर्ट आने के बाद उनकी मां माधवी राजे सिंधिया की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। दोनों को गले में खराश की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इधर दिल्ली में कोरोना की रफ्तार काफी कम हो गई है। एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया के मुताबिक यहां कोरोना अपनी शीर्ष पर पहुंच कर चला गया है। यहां कोरोना की रोकथाम के लिए केंद्र और राज्य सरकार पुरजोर मेहनत कर रही है।