Weather Updates: उत्तर भारत में शीतलहर से बढ़ी ठंड, दिल्ली में 3 डिग्री पहुंचा पारा, ऑरेंज अलर्ट जारी, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

    523
    Weather Update Today

    देश के उत्तरी क्षेत्र में गुरुवार को प्रचंड शीत लहर जारी रही। इसके असर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार ‘ठंडा दिन’ यानी कोल्ड डे रहा। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान है। ‘ठंडा दिन’ उसे कहते हैं जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम होता है।

    सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी हिमालय से उठीं बर्फीली हवाएं लगातार दिल्ली में चल रही हैं। आयानगर और रिज मौसम स्टेशनों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.8 डिग्री सेल्सियस और 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके जरिए विभाग मौसम बहुत बिगड़ा हो तो जरूरी इंतजामों के साथ ही घरों से निकलने की सलाह देता है। दिल्ली में आज भी तापमान और गिर सकता है। दिनभर जबरदस्त ठंड रहेगी और शीतलहर भी चलने का अनुमान है।

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई और अब शीत लहर के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है। आईएमडी मैदानी इलाकों के लिए शीत लहर की घोषणा तब करता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे हो और लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम हो।

    विभाग ने कहा, ‘दिल्ली जैसे छोटे इलाके के लिए शीतलहर की घोषणा तब भी की जा सकती है जब उक्त स्थितियां एक दिन के लिए भी बन जाएं।’ शहर की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश में केलांग, मनाली और कल्पा में पिछले 24 घंटों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किए जाने के साथ शीत लहर की स्थिति बनी रही।

    मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पहाड़ी राज्य हिमाचल में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की कमी आई है। मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग शून्य से 8 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना रहा।

    पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है और गुरुवार को पारा सामान्य से नीचे चला गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में अंबाला, हिसार, करनाल, भिवानी, रोहतक और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.4 डिग्री, 4.2 डिग्री, 4.9 डिग्री, 4.8 डिग्री, 4.4 डिग्री और 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।