बंगाल: बलविंदर सिंह का परिवार ममता बनर्जी के कार्यालय के बाहर करेगा विरोध प्रदर्शन

362
West Bengal

पश्चिम बंगाल में हिरासत में लिए गए बलविंदर सिंह की रिहाई के लिए उनकी पत्नी करमजीत कौर और बेटा हर्षवीर सिंह नबन्ना के बाहर शनिवार को धरना-प्रदर्शन करेंगे। यह पश्चिम बंगाल सरकार का सचिवालय भवन है। सिंह को 8 अक्तूबर को हावड़ा में भाजपा के प्रदर्शन के दौरान पिस्तौल ले जाने के लिए गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के साथ धक्का-मुक्की के दौरान सिंह की पगड़ी उतर गई थी और घटना सुर्खियों में छा गई थी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राज्य पुलिस ने उनपर हथियार ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस का कहना है कि पिस्तौल का लाइसेंस बंगाल में वैध नहीं है। हावड़ा जिला पुलिस ने गुरुवार रात को कहा कि सिंह का लाइसेंस केवल जम्मू और कश्मीर के राजौरी में वैध है, जहां इसे जारी किया गया था।
हावड़ा जिला पुलिस ने ट्वीट कर कहा, ‘भारत सरकार के गृह मंत्रालय के हथियार लाइसेंस के राष्ट्रीय डाटाबेस के अनुसार श्री बलविंदर सिंह का शस्त्र लाइसेंस केवल जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में वैध है। उन्हें एक हथियार के साथ गैरकानूनी सभा का हिस्सा होने के कारण गिरफ्तार किया गया था। कृपया मनगढ़त सोशल मीडिया पोस्टों से बचें। सच्चाई का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है।’