चीन ने लद्दाख में सोमवार को वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर यथास्थिति को बदलने की कोशिश की और गोलीबारी की। इतना ही नहीं बयान जारी करते हुए भारतीय सेना पर सीमा पार करने का आरोप लगाया। अब इसपर भारतीय सेना ने बयान जारी किया है। सेना का कहना है कि हमारे जवानों ने सीमा पार नहीं की और चीन ने खुद अपने जवानों को उकसाने के लिए हवा में गोलीबारी की थी।
बयान जारी करते हुए सेना ने कहा, ‘भारत एलएसी पर सेनाओ को पीछे हटाने और स्थिति को सामान्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं चीन आगे बढ़ने के लिए उत्तेजक गतिविधियां कर रहा है। किसी भी चरण में भारतीय सेना ने एलएसी पार नहीं की और न ही किसी भी आक्रामक साधन का सहारा लिया जिसमें गोलीबारी भी शामिल है।’
सेना ने कहा, ‘सात सितंबर को हुए तात्कालिक मामले में, चीन के पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) सैनिकों ने एलएसी पर हमारी फॉरवर्ड पोजिशन के करीब पहुंचने की कोशिश की। जब उसके साथी फौजियों ने उसे रोका तो उसने अपने सैनिकों को उकसाने के लिए हवा फायरिंग की।’