अमित शाह बोले- हम सत्ता के लिए राजनीति में नहीं आए, भाजपा की स्थापना महान भारत की स्थापना के लिए हुई

473

गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को पोर्ट ब्लेयर में भाजपा कार्यकर्ताओं व प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सत्ता के लिए राजनीति में नहीं आए हैं। हम विचारधारा से बंधे हुए लोग हैं और हमारी पार्टी की स्थापना ही महान भारत की स्थापना के लिए हुई है। उन्होंने क्रांतिकारी वीर सावरकर को महान देशभक्त बताया।

शाह ने कहा कि यदि देश के 130 करोड़ लोग आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में छोटे-छोटे संकल्प लें तो बहुत बड़ा परिवर्तन देश में आ सकता है। भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए यह संकल्प लेने का वर्ष है,क्योंकि हमारी पार्टी की स्थापना ही महान भारत की स्थापना के लिए हुई है। शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यह साल संकल्प लेने का है। हमारी पार्टी की स्थापना भारत को महान बनाने के लिए हुई है। हम उन लोगों में से नहीं हैं, जो सत्ता पाने के लिए राजनीति में आए हैं। हम विचारधारा से जुड़े हैं। हमारी विचारधारा ‘महान भारत’ का निर्माण है। अगर हम हमारा जीवन देश के लिए जिए, हमारे जीवन की समस्त गतिविधियों को देश के साथ जोड़ के देखें और देश की छोटी-छोटी समस्याओं को दूर करने के लिए हम गिलहरी की तरह योगदान कर लें तो देश को महान बनने से कोई नहीं रोक सकता।